नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएं: मंत्री मो. अकबर

 

मंत्री मो. अकबर ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जिले के नगर पंचायतों के अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में जिले के चारों नगर पंचायत के अध्यक्षगण शामिल हुए।

कवर्धा। मंत्री मो. अकबर ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जिले के नगर पंचायतों के अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में जिले के चारों नगर पंचायत के अध्यक्षगण शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्षों को अपने-अपने निकायों में विकास कार्यों के लिए जुट जाने का निर्देश दिया। बैठक में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक ममता चंद्राकर भी उपस्थित थीं।

जिले के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा, पिपरिया, बोड़ला व पांडातराई के अध्यक्षों को मंत्री मो.अकबर ने अपने निवास कार्यालय बुलवाया था। कांग्रेस के पार्षदों व एल्डरमैन के साथ उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य में विकास की गंगा बहाने का कार्य किया जा रहा है। विकास कार्यों के लिए राज्य शासन पर्याप्त राशि उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश में विकास के नाम पर कभी कोई समझौता नहीं करते। मुख्यमंत्री की मंशा छत्तीसगढ़ को विकास की ओर ले जाने की है।

मो.अकबर ने नगर पंचायत अध्यक्षों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाए। स्वीकृत कार्यों को समय‑सीमा में पूरा कराया जाए। इस बात का पूरा ध्यान रखा जाए कि छत्तीसगढ़ शासन के जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ समस्त नागरिकों को मिलें। राशन कार्ड बनाने का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए।

मंत्री अकबर ने चारों नगर पंचायत अध्यक्षों को निर्देश दिया कि जन्म प्रमाण पत्र सहित लोक सेवा के अन्य कार्यों के लिए नागरिकों को भटकना ना पड़े। वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन योजना की राशि आसानी से मिल जाए। नगर पंचायत क्षेत्र के विकास एवं नागरिकों के हित के लिए पार्षदगणों व एल्डरमेन के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए।

बैठक में सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष उषा श्रीवास के प्रतिनिधि मनहरण श्रीवास, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष महेंद्र कुंभकार, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री साहू, पंडरिया नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान, कन्हैया अग्रवाल, रामचरण साहू, भीषणचंद तिवारी (पार्षद पांडातराई), एल्डरमेन अजय गुप्ता, एल्डरमेन लालजी चंद्रवंशी, एल्डरमेन कैलाश दुबे, गब्बर खान, आशीष दास आदि उपस्थित थे।

 

45 Views

You cannot copy content of this page